ҽ

मुसावाह महिला आंदोलन मुसावाह महिला आंदोलन  

मुसावाह महिला आंदोलन को निवानो शांति पुरस्कार

निवानो शांति फाउंडेशन ने लैंगिक समानता आंदोलन मुसावाह को 42वें निवानो शांति पुरस्कार के प्राप्तकर्ता के रूप में चुना है। यह पुरस्कार महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रति इसकी प्रतिबद्धता और मुस्लिम पृष्टभूमि में अंतरधार्मिक संवाद और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने के इसके प्रयासों के लिए दिया गया है।

वाटिकन न्यूज

42वाँ निवानो शांति पुरस्कार मुस्लिम परिवार में लैंगिक न्याय और समानता के लिए समर्पित वैश्विक महिला आंदोलन मुसावाह को प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार मुस्लिम पृष्टभूमि में महिलाओं के मानवाधिकारों की रक्षा हेतु मदद के लिए दिया जाएगा।

लैंगिक समानता की वकालत

निवानो शांति पुरस्कार समिति द्वारा जारी एक बयान के अनुसार मुसावाह (अरबी में जिसका अर्थ है "समानता") को "मानव अधिकारों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के लिए अंतर-धार्मिक संवाद में महिलाओं के नेतृत्व के लिए" उनके महत्वपूर्ण योगदान हेतु चुना गया है, जो प्रतिष्ठित शांति पुरस्कार के सिद्धांतों के अनुरूप है।

2009 में स्थापित, मुसावाह संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद में विशेष सलाहकार स्थिति के साथ एक अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन के रूप में कार्य करता है। अपनी स्थापना के बाद से, यह आंदोलन एक विशाल नेटवर्क में विकसित हो गया है जो एशिया, मध्य पूर्व, अफ्रीका और वैश्विक उत्तर के क्षेत्रों सहित 40 से अधिक देशों में फैला हुआ है।

यह संगठन महिला अधिकारों के लिए सकारात्मक सुधारों को बढ़ावा देते हुए कानूनों और प्रथाओं में निहित लैंगिक पूर्वाग्रहों को चुनौती देने के लिए अधिवक्ताओं, विद्वानों और कार्यकर्ताओं को एक साथ लाता है।

इसके संस्थापकों, मलेशिया से ज़ैना अनवर और ईरान से ज़िबा मीर-होसैनी ने आंदोलन के लिए बौद्धिक और आध्यात्मिक नींव रखी है, यह सुनिश्चित करते हुए कि इसका दृष्टिकोण आस्था और मानवाधिकार सिद्धांतों दोनों में निहित है।

निवानो शांति पुरस्कार

बौद्ध जापानी फाउंडेशन के संस्थापक निक्यो निवानो के सम्मान में नामित निवानो शांति पुरस्कार का उद्देश्य उन लोगों को पहचानना और प्रोत्साहित करना है जो अंतर-धार्मिक सहयोग में महत्वपूर्ण योगदान करते हैं, और वैश्विक शांति को बढ़ावा देते हैं।

42वाँ पुरस्कार समारोह 14 मई को जापान के टोक्यो में होनेवाला है। पुरस्कार प्रमाण पत्र के अलावा, मुसावाह को एक पदक और 20 मिलियन येन का नकद पुरस्कार मिलेगा।

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

18 फ़रवरी 2025, 17:18